जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में चौकीदार नियुक्ति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रांची, श्री दिनेश कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, श्री उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता रांची, श्री रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (नक्सल) रांची, श्री सुदर्शन मुर्मू, स्थापना प्रभारी श्री विवेक सुमन, डीएसपी मुख्यालय-2 श्री अरविन्द कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रांची, श्री विनय कुमार एवं डीआईओ रांची, श्री राजीव कुमार उपस्थित थे।
रांची जिला में चौकीदार के पद पर सीधी नियुक्ति हेतु कुल 6564 वैध आवेदन स्वीकृत किए गए
रांची जिला में चौकीदार के पद पर सीधी नियुक्ति हेतु कुल 295 रिक्त पदों पर विज्ञापन संख्या- 01/2024 के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसकी अंतिम तिथि 25 अगस्त 2024 थी। इस दौरान कुल 7486 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी स्क्रूटनी के बाद 6564 वैध आवेदन स्वीकृत किए गए।
लिखित परीक्षा जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा में 50 अंकों की होगी
लिखित परीक्षा में जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा से जुड़े 50 अंकों के प्रश्न होंगे। परीक्षा में जिला से संबंधित सामान्य ज्ञान एवं स्थानीय भाषाओं जैसे – मुण्डारी, हो, भूमिज, संथाली, कुड़ुख (जनजातीय भाषा) एवं कुडमाली, बंगला, उर्दू, उड़िया (क्षेत्रीय भाषा) से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। लिखित परीक्षा के बाद दौड़ और शारीरिक जांच की जाएगी।
चौकीदार के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अंचलवार रिक्त बीट के अनुसार कुल 295 पदों पर बहाली होगी
रांची जिला अंतर्गत चौकीदार के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अंचलवार रिक्त बीट के अनुसार कुल 295 पदों पर बहाली की जाएगी।
ओएमआर शीट के माध्यम से लिखित परीक्षा संभावित अप्रैल 2025 में आयोजित होगी
लिखित परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से संभावित अप्रैल 2025 में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 50 अंकों की होगी और मेधा सूची के अनुसार उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। मेधा सूची में लिखित परीक्षा, दौड़ और कार्य अनुभव के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। परीक्षा केंद्रों का चयन भी कर लिया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि पूर्व में प्राप्त सभी आवेदनों की सूची (स्वीकृत एवं आपत्ति सहित) जिला की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchi.nic.in पर अपलोड कर दी गई थी। साथ ही इस संबंध में सूचना 7 दिसंबर 2024 को दैनिक समाचार पत्र के माध्यम से दी गई थी।
