रांची। पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की नृशंस हत्या के विरोध में आजसू पार्टी ने रांची बंद का आह्वान किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय महतो ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अनिल टाइगर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत आजसू से की थी और वे पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके थे।
अनिल टाइगर की हत्या की सूचना मिलते ही आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक लंबोदर महतो, वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर, पूर्व कुलपति डॉ. यू.सी. मेहता, जिलाध्यक्ष संजय महतो, बनमाली मंडल, दीपक महतो, संजय मेहता, हरीश कुमार, वीरेंद्र तिवारी, एतवा उरांव, मोहसिन खान, पूर्व जिला परिषद सदस्य मीना देवी, फूल कुमारी देवी, डॉ. मदन महतो, रूपलाल महतो, डॉ. मुकुंद मेहता, दुबराज महतो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
राज्य में कानून–व्यवस्था ध्वस्त, अपराधियों का राज : सुदेश महतो
रांची। रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घटना पर दुख व्यक्त करते हुए आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सरकार अपराधियों और माफिया के आगे असहाय नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को आमजन की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है। जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का भगवान ही मालिक है। सुदेश महतो ने दिवंगत अनिल टाइगर की पत्नी, पुत्र और परिजनों को सांत्वना दी।
हत्या की सीबीआई जांच हो : प्रभाकर
आजसू के वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि अनिल टाइगर एक उभरते हुए सक्रिय नेता थे और उनकी हत्या एक साजिश के तहत की गई है। इस जघन्य घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।
अपराधियों का मनोबल बढ़ा : देवशरण भगत
आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि अब राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि कांके थाना से थोड़ी ही दूरी पर एक राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या हो जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को तुरंत कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
