रांची, 06 अप्रैल 2025:रांची में रामनवमी का पर्व इस वर्ष भक्ति, प्रेम, श्रद्धा और आपसी भाईचारे की मिसाल के साथ अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। पूरे शहर में उत्सव का वातावरण था, जिसमें सभी समुदायों की भागीदारी ने इसे और भी विशेष बना दिया।
रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और सक्रिय रहा। जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पहले से सुनिश्चित की गई थीं। साथ ही रामनवमी के जुलूस को सकुशल तपोवन मंदिर तक पहुंचाने हेतु प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन किया और सुरक्षा सुनिश्चित की।
आपसी सौहार्द की बनी मिसाल
इस बार की रामनवमी में सांप्रदायिक सौहार्द का अनूठा दृश्य देखने को मिला जब मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रामनवमी की झांकी पर फूलों की वर्षा कर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं देते इस दृश्य ने रांची की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत किया।
प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं डीआईजी सह वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम दिनभर विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करती रही। रामनवमी जुलूस की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सभी दंडाधिकारी और पदाधिकारी अपने-अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करते रहे और जुलूस के मार्ग को सुगम बनाने में योगदान दिया।
संगठनों का योगदान रहा सराहनीय
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने में श्री महावीर मंडल केंद्रीय समिति, महावीर मंडल रांची महानगर, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी एवं अन्य समितियों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। सभी संगठनों ने प्रशासन के साथ मिलकर कई सप्ताहों से तैयारी की और इस महापर्व को ऐतिहासिक बना दिया।
प्रशासन ने जताया आभार
दिवस भर की सफल आयोजन व्यवस्था एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों, समितियों और रांची के नागरिकों को धन्यवाद अर्पित किया।
रांची की पहचान बनी आपसी एकता और समर्पण
रामनवमी का यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्सव रहा, बल्कि रांची की सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग का जीवंत उदाहरण भी बना।
