राँची, 18 जनवरी 2025 राजधानी रांची में नकली नोटों का कारोबार करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम साहिल कुमार उर्फ करण, मो. सबिर उर्फ राजा और अब्बु हुजैफा उर्फ अफरिदी उर्फ आर्यन हैं। पुलिस ने इनके पास से 500 के दो असली नोट, 500 के 998 नकली नोट (कुल चार लाख 99 हजार 8 सौ रुपये), एक बाइक और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
इस मामले का खुलासा आज रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने मीडिया के सामने किया। उन्होंने बताया कि डीआईजी सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा को सूचना मिली थी कि अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कुलदीप स्कूल गली में कुछ संदिग्ध लोग नकली नोटों का कारोबार कर रहे हैं। सूचना के अनुसार, आरोपी किसी ग्राहक को नकली नोटों की डिलीवरी देने वाले थे।
मिली सूचना के आधार पर एक टीम का गठन किया गया और बताये गये ठिकाने पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक संगठित आपराधिक गिरोह के सदस्य हैं, जो पिछले एक साल से नकली नोटों का कारोबार कर रहा है। आरोपियों ने राजधानी के कई अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी दी है।
पुलिस अब इस गिरोह के सरगना तक पहुंचने के लिए कार्रवाई में जुटी है। इस ऑपरेशन में एसआई मुकेश कुमार उपाध्याय, अभिषेक कुमार, आनंद कुमार साह, आरक्षी सूरज खाडिया और सुशील मिंज ने सराहनीय भूमिका निभाई।
पुलिस की इस कार्रवाई से नकली नोटों के काले कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है और आगे भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
