रांची, 27 सितंबर 2024: झारखंड राज्य में आज पंचायत सहायक अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के रांची स्थित आवास पर एकत्र हुए। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि उनकी मांग, जो पहले ही कैबिनेट द्वारा पारित की जा चुकी है, मुख्यमंत्री के आदेश पर रोक दी गई है, उसे तुरंत लागू किया जाए।
गौरतलब है कि पंचायत सहायक, जिन्हें पहले पंचायत स्वयंसेवक के नाम से जाना जाता था, ने अपनी स्थिति स्पष्ट करने और मांगों को दोहराने के लिए इस प्रदर्शन का आयोजन किया। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस मामले को मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द से जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
इस बीच, पंचायत सहायक के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने यह संभावना व्यक्त की कि कैबिनेट में फिर से इस प्रस्ताव को लाया जा सकता है और मानदेय में वृद्धि की जा सकती है। प्रदर्शन के दौरान, हजारों पंचायत सहायक प्रोजेक्ट भवन के सामने अपनी मांगों पर चर्चा होने का इंतजार करते रहे। हालांकि, जब कैबिनेट में इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई, तो निराश होकर वे पुनः मंत्री आवास के बाहर एकत्र हो गए।
रात करीब 9 बजे मंत्री जी से उनकी मुलाकात हुई, जिसमें उन्हें बताया गया कि उनकी नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, न्यूज 100 लाइव टीवी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। यह जानकारी पंचायत सहायक के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के साथ हुई बातचीत के आधार पर दी गई है।
