रांची, झारखंड: झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रि मोर्चा (JLKM) के पूर्व महासचिव दीपक महतो ने आज ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) का दामन थाम लिया। हरमू स्थित AJSU पार्टी मुख्यालय में पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने दीपक महतो को सदस्यता दिलाई। इस दौरान दीपक महतो के साथ उनके सैकड़ों समर्थक भी JLKM और अन्य पार्टियों को छोड़कर AJSU में शामिल हुए।
पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने इस अवसर पर कहा, “दीपक महतो हमारे पुराने साथी रहे हैं और उन्होंने झारखंड आंदोलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके पार्टी में शामिल होने से AJSU को मजबूती मिलेगी और झारखंड के विकास में हमारी प्रतिबद्धता और भी प्रभावी होगी।”
दीपक महतो ने AJSU में शामिल होने के बाद कहा, “मैं सुदेश महतो और AJSU के सिद्धांतों से प्रभावित होकर इस पार्टी में शामिल हुआ हूं। JLKM में उचित सम्मान नहीं मिलने के कारण मैंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।” उन्होंने यह भी बताया कि JLKM छोड़ने के बाद पार्टी सुप्रीमो जयराम महतो ने उन्हें संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
दीपक महतो और उनके समर्थकों के AJSU में शामिल होने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद है। AJSU नेतृत्व ने इस फैसले को झारखंड की राजनीति में एक सकारात्मक कदम बताया है।
